पंचायत स्तर पर किए जाने वाले आगामी कार्यों के लिए बैठक का आयोजन

सिवनी मालवा। रिलाएबल सोशल वेलफेयर सोसायटी द्वारा पंचायत स्तर पर किए जाने वाले आगामी कार्यों के लिए बैठक का आयोजन किया गया। बैठक में सिवनी मालवा क्षेत्र के सरपंच एवं जनपद सदस्य आमंत्रित थे। बैठक में शामिल हुए ग्रामीण जनप्रतिनिधियों के साथ रिलाएबल सोशल वेलफेयर सोसायटी के अध्यक्ष तथा बीएचआरसी ग्रुप के डायरेक्टर डॉ विशाल सिंह बघेल ने विभिन्न प्रमुख विषयों पर चर्चा की। डॉ बघेल द्वारा प्रोड्यूस की गई शार्ट फिल्म नशा के माध्यम से युवाओं एवं ग्रामीण क्षेत्र में फैल रहे नशे को रोकने के लिए फिल्म के प्रचार-प्रसार की रूपरेखा बनाई गई। आयुष्मान कार्ड, आधार कार्ड तथा समग्र आईडी तीनों की जानकारी के मिलान में आ रही तकनीकी समस्या को दूर करने के लिए सभी जनप्रतिनिधियों को प्रशिक्षित किया। बताया गया कि किस तरह तीनों में संबंधित व्यक्ति की जानकारी एक जैसी होना चाहिए ताकि आयुष्मान योजना का लाभ मिल सके। इसके लिए पंचायत स्तर पर शिविर लगाकर जल्द से जल्द लोगों को लाभ पहुंचाने की बात की गई। साथ ही बीएचआरसी पॉलीक्लिनिक एंड सोनोग्राफी सेंटर सिवनी मालवा का आगामी २९ दिसंबर को एक साल पूरा होने जा रहा है। प्रथम वर्षगांठ पर आयोजित होने वाले विशाल स्वास्थ्य शिविर में ज्यादा से ज्यादा ग्रामीण जनों को लाभ मिले, इस संबंध में विस्तार से कार्य योजना तैयार की गई। शिविर में मोतियाबिंद के मरीजों के निःशुल्क ऑपरेशन की भी व्यवस्था की जाएगी। चर्चा के दौरान सरपंचों ने सवाल-जवाब के माध्यम से स्वास्थ्य संबंधी जानकारी प्राप्त की। इस दौरान डॉ विशाल सिंह बघेल ने विभिन्न आकस्मिक बीमारियों जैसे एक्सीडेंट, हृदय रोग व अन्य आकस्मिक तकलीफों के दौरान रखने वाली सावधानियां व बचाव के तरीके बताए। कार्यक्रम में जनपद सदस्य तुलसीराम यदुवंशी (रूपादेह), डॉ नवोदित राठौर, ग्राम पंचायत से पधारे सरपंच व अन्य कार्यकर्ता मौजूद रहे।



