आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं ने मुख्यमंत्री को सद्बुद्धि देने किया यज्ञ

सिवनी मालवा। सिवनी मालवा नगर में आंगनबाड़ी कार्यकर्ता व सहायिकाओं ने शनिवार को मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान को सद्बुद्धि देने के लिए हवन-पूजन किया। आंगनबाड़ी कार्यकर्ता सहायिकाओं ने पंडाल पर पुजारी द्वारा वैदिक मंत्रोंचारण विधि से अनुष्ठान के साथ मुख्यमंत्री सदबुद्धि यज्ञ का आयोजन कर 1008 आहुतियां दी। मंदिर के पुजारी ने वैदिक कर्मकांड विधि से सभी देवी देवताओं के उच्चारण के साथ आंगनबाड़ी कार्यकर्ता/सहायिकाओं को शासकीय वेतन भोगी घोषित कराने मुख्यमंत्री सदबुद्धी यज्ञ कराया।
संघ की अध्यक्ष लीला वर्मा ने कहा कि मुख्यमंत्री के द्वारा अब तक आंगनबाड़ी कार्यकर्ता/सहायिकाओं को शासकीय वेतन भोगी घोषित करने पर कोई चर्चा न होने से कार्यकर्ताओं में आक्रोश पनप रहा है। जिसके चलते आज वैदिक रीती रिवाज से सद्बुद्धि यज्ञ किया गया है जिससे की प्रदेश के मुखिया को इश्वर सद्बुद्धि प्रदान करें। सद्बुद्धि यज्ञ में सिवनी मालवा क्षेत्र की सभी नगरीय एवं ग्रामीण क्षेत्र की आंगनवाड़ी कार्यकर्त्ताओं, आंगनवाड़ी सहायिकाओं और मिनी कार्यकर्त्ताओं ने आहुति डालकर मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान की सद्बुद्धि की कामना की।
आंगनबाड़ी कार्यकर्ता सहायिकाओं का कहना है की हमसे अल्प मानदेय पर काम कराया जा रहा है। साथ ही अपने विभाग के अलावा अन्य विभागों के कामों में भी हमारी ड्यूटी लगाईं जाती है। हमारे द्वारा सभी काम पूरी लगन से किये जाते है इसके बाद भी सरकार के द्वारा हम लोगों का वेतन नहीं बढ़ाया जा रहा है। हमारी मांग है की आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं का न्यूनतम मानदेय 20 हजार एवं सहायिका का न्यूनतम मानदेय 10 हजार किया जाये। जिससे की हम अपने परिवार का भरण पोषण कर सकें।



