विधायक ने बुलाया नपाध्यक्ष और पार्षदों को, सीएमओ मामले की जानकारी ली
सिवनी मालवा नगर पालिका का विवाद थमने का नाम नहीं ले रहा है। ब्राह्मण कर्मचारी से मांस बनवाने के मामले में विगत दिवस ब्राह्मण समाज के द्वारा ज्ञापन दिया गया था। साथ ही नगर पालिका सीएमओ शीतल भलावी ने भी सिवनी मालवा थाने में एफआईआर दर्ज कराने को लेकर आवेदन दिया था। नगर पालिका में कर्मचारियों के शोषण व अभद्रता के मामले को लेकर सिवनी मालवा विधायक प्रेमशंकर वर्मा ने नगरपालिका अध्यक्ष रितेश जैन सहित पाषर्दो को शनिवार सुबह अपने निवास पर मिलने बुलाया।
जहां बंद कमरे में विधायक ने नपाध्यक्ष व पार्षदों से सीएमओ के मामले की जानकारी ली। गौरतलब है कि नगर पालिका में इन दिनों सीएमओ पर कर्मचारियों के साथ अभद्रता करने का मामला तूल पकड़ता जा रहा है। सिवनी मालवा विधायक प्रेमशंकर वर्मा का कहना है कि विवाद की जानकारी मिलने के बाद नपाध्यक्ष सहित पार्षदों को बुलाया है, उनसे पूरे मामले की जानकारी ली गई है। मीडिया में आई खबरों व कार्यकर्ताओं के द्वारा सीएमओ के व्यवहार को लेकर शिकायतें मिली है, जानकारी लेकर कार्रवाई की जाएगी।
प्रशासन की कार्यशैली को लेकर जहां एक तरफ मुख्यमंत्री मोहन यादव एक्शन मोड में है तो वहीं अब इसका असर भाजपा के विधायकों पर भी दिखने लगा है। शासन की मंशा है कि अधिकारियों की छवि विवादित ना हो और आमजन व जनप्रतिनिधियों को सम्मान देने वाली हो, जिससे कि सरकार की छवि जनहितैषी बने। लेकिन कुछ अधिकारियों के मनमाने रवैये का बुरा असर सरकार की छवि पर पड़ रहा है, जिससे सरकार की छवि धूमिल हो रही है।



