नर्मदापुरम

हिंदी में प्रकाश कार्यक्रम अंतर्गत दीपो से जगमग हुआ पर्यटन घाट

मेडिकल की पढ़ाई हिंदी में शुभारंभ की पूर्व संध्या पर पर्यटन घाट पर साहित्य गोष्ठी का हुआ आयोजन

मध्यप्रदेश में मेडिकल की पढ़ाई हिंदी में शुभारंभ की पूर्व संध्या पर नर्मदा तट के पर्यटन घाट पर हिंदी साहित्य गोष्ठी का हुआ आयोजन किया गया। इस अवसर पर हिंदी पर प्रकाश कार्यक्रम अंतर्गत दीप प्रज्वलन भी किया गया। कार्यक्रम में वरिष्ठ साहित्यकारों ने सभी भाषाओं में हिंदी की महत्ता, सर्वश्रेष्ठता एवं वैज्ञानिकता के बारे में सप्रमाण बताया। कार्यक्रम में कवियों ने एक से बढ़कर एक सुमधुर कविताएं प्रस्तुत कर श्रोताओं का मन मोह लिया। हिंदी साहित्य गोष्ठी का शुभारंभ मां शारदा के चित्र पर दीप प्रज्वलन कर किया। इस अवसर पर श्री पीयूष शर्मा, श्री अभय वर्मा, श्री मनोहर बड़ानी, श्री कैप्टन करैया, श्री डी एस डांगी, एसडीएम श्रीमती मोहिनी शर्मा , तहसीलदार श्री शैलेंद्र बड़ोनिया, पार्षद श्रीमती विद्या मांझी, श्रीमती नयना प्रसाद सोनी तथा अन्य जनप्रतिनिधि एवं अधिकारीगण उपस्थित रहे। कार्यक्रम का संचालन श्रीमती आरती शर्मा द्वारा किया गया।

वरिष्ठ साहित्यकार श्री नित्य गोपाल कटारे ने हिंदी में मेडिकल की पढ़ाई की अभिनव पहल के लिए मध्यप्रदेश शासन को साधुवाद दिया। उन्होंने तुलनात्मक उदाहरण देकर बताया कि किस प्रकार  हिंदी सभी भाषाओं में श्रेष्ठ है। इसी क्रम में वरिष्ठ साहित्यकार श्री संतोष  व्यास ने भी मातृभाषा हिंदी की शब्द यात्रा पर प्रकाश डाला। कवि श्री सुभाष यादव ने हमारा मान है हिंदी, हमारी शान है हिंदी, हमारी भाल है हिंदी पंक्तियों के साथ सुमधुर काव्य पाठ किया। उन्होंने काव्य पाठ से सामाजिक चेतना की अलख जगाई। इसके पश्चात कवि श्री मनोज परसाई ने “आओ कैसे अपनी मातृभाषा का करें गुणगानजेड पंक्ति पर काव्य पाठ किया। युवा कवि श्री नर्मदा प्रसाद हरपाले ने भी अपनी कविता के माध्यम से श्रोताओं को मंत्रमुग्ध किया। कवयित्री श्रीमती स्मिता रिछारिया ने सुमधुर कविता पाठ किया। उन्होंने मध्यप्रदेश शासन के हिंदी में मेडिकल की पढ़ाई के शुभारंभ के ऐतिहासिक कार्य की प्रशंसा की। इसके पश्चात कवयित्री डॉ मनीषा तिवारी ने हिंदी है रंग तिरंगे का, यह है जन-जन की भाषा पंक्तियों के साथ काव्य पाठ किया। अंत में कवि श्री तेजेश्वर प्रसाद मिश्रा ने सभी ने पूजा बंद पहाड़ों और खंडित पाषाण को, मेरी कलम आज भी पूजा एक इंसान को पर रोचक का पाठ किया। कार्यक्रम के अंत में सभी साहित्यकारों एवं कवियों का सम्मान किया गया। आभार प्रदर्शन कार्यपालन यंत्री नगर पालिका श्री शुक्ला ने किया।

Sanskriti Kutumb

Related Articles

Back to top button
error: Content is protected !!