मध्यप्रदेश

छात्र अर्जुन सिंह जादोन देश के सर्वश्रेष्ठ 100 में चयनित

भोपाल। प्रदेश के भोपाल जिले के शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय परवलिया सड़क के कक्षा-12 के छात्र अर्जुन सिंह जादोन के वीरगाथा आलेख को राष्ट्रीय स्तर पर सर्वश्रेष्ठ आलेखों में चुना गया है। छात्र अर्जुन सिंह की इस उपलब्धि पर स्कूल शिक्षा मंत्री श्री उदय प्रताप सिंह, प्रमुख सचिव श्रीमती रश्मि अरुण शमी एवं राज्य शिक्षा केन्द्र के संचालक श्री धनराजू एस सहित विभागीय अधिकारियों ने बधाई देते हुए छात्र अर्जुन के उज्जवल भविष्य की कामना की है।इस वर्ष 2023-24 में वीरगाथा प्रोजेक्ट के अंतर्गत राष्ट्रीय स्तर पर लगभग 10 लाख विद्यार्थियों ने सहभागिता की थी। राष्ट्रीय स्तर के मूल्यांकन में भोपाल जिले के परवलिया सड़क के कक्षा-12 के छात्र अर्जुन सिंह का आलेख ग्रुप-4 में चयनित हुआ। यह एक बड़ी उपलब्धि है। छात्र अर्जुन सिंह जादोन को आगामी गणतंत्र दिवस 26 जनवरी को नई दिल्ली में सम्मानित किया जायेगा। छात्र अर्जुन सिंह ने परमवीर चक्र से सम्मानित भारतीय सेना के अमर शहीद कैप्टन विक्रम बत्रा को अपना आदर्श बताते हुए आलेख लिखा था।उल्लेखनीय है कि केन्द्रीय रक्षा मंत्रालय द्वारा शिक्षा मंत्रालय के सहयोग से आयोजित वीरगाथा प्रोजेक्ट में देशभर के विद्यालयीन छात्र वीरता पुरस्कार विजेताओं पर कविता, आलेख, कहानी, ड्राइंग और वीडियो निर्माण जैसे विभिन्न प्रोजेक्ट तैयार करते हैं। प्रोजेक्ट के अंतर्गत 4 श्रेणियों कक्षा-3 से 5, कक्षा-6 से 8, कक्षा-9 से 10 और कक्षा-11 से 12 के छात्र भाग लेते हैं। राष्ट्रीय स्तर पर प्रत्येक ग्रुप में सभी गतिविधियों के सर्वश्रेष्ठ 100 विद्यार्थियों का चयन किया जाता है।

Sanskriti Kutumb

Related Articles

Back to top button
error: Content is protected !!