लोकसभा निर्वाचन 2024: डमी ईवीएम से मतदाताओं को सिखाया जा रहा कैसे करें मतदान

सिवनी मालवा । सिवनी मालवा विधानसभा में आगामी लोकसभा चुनाव को तैयारियां शुरू हो गई है। जिसको लेकर मंगलवार को तहसील परिसर में मतदान केंद्र क्रमांक 79 में मतदाता जागरूकता कार्यक्रम के तहत डमी ईवीएम से मतदाताओं को वोट डालने के लिए प्रशिक्षण देने का कार्य शुरू किया गया।
बूथ लेवल अधिकारी महेन्द्र सिंह वासले ने बताया कि निर्वाचन अधिकारी प्रमोद सिंह गुर्जर के निर्देश पर तहसील कार्यालय स्थित मतदान क्रमांक 79 पर आम मतदाताओं को डमी ईवीएम से वोट डालने का प्रशिक्षण देने का काम किया जा रहा है। डमी ईवीएम के माध्यम से वोट देने का तरीका लोगों को बताते हुए बीएलओ सीमा कौशल ने बताया कि वीवीपैट व डमी ईवीएम से मतदाताओं को वोट कैसे डालना है, इसके बारे में उन्हें प्रैक्टिकल तौर पर बताया जा रहा है।
उन्होंने बताया कि मतदान करने के बाद मतदाता अपने द्वारा किए मतदान को वीवी पैट के माध्यम से देख भी सकते हैं। इसको भी डेमो में दिखाया जा रहा है। लोगों को डमी ईवीएम से प्रशिक्षण देने के लिए बैलट यूनिट,वीवी पैट एवं कंट्रोल यूनिट के साथ आने वाले लोगों के नाम रजिस्टर में अंकित कर उन्हें मतदान जागरूकता का प्रशिक्षण दिया जा रहा है।



