Factory Blast: एमपी के हरदा में पटाखा फैक्ट्री में बड़ा धमाका! कई लोगों के फंसे होने की आशंका

- मध्य प्रदेश के हरदा में हुआ भीषण हादसा
- पटाखा फैक्ट्री में धमाका 5 की मौत कई झुलसे
- पटाखा फैक्ट्री में कई लोगों के फंसे होने की आशंका
- 40 किमी के दायरे में धरती में कंपन ,कई मकानों में पड़ी दरारें
मध्य प्रदेश के हरदा में मंगलवार की सुबह बड़ा हादसा हुआ. यहां एक पटाखा फैक्ट्री में अचानक से आग लग गई और धमाके शुरू हो गए. इन धमाकों की वजह से तीन किमी दूर तक ऐसा लगा जैसे कि भूकंप आया हो. सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची पुलिस और फायर ब्रिगेड की टीम ने राहत व बचाव कार्य शुरू कर दिया है. फायर ब्रिगेड की टीम फैक्ट्री में लगी भीषण आग को बुझाने के लिए लगातार प्रयास कर रही है, हालांकि अभी तक आग काबू नहीं हो सका है.
मौके पर पहुंचे प्रशासनिक अधिकारियों के मुताबिक अभी तक साफ नहीं हो सका है कि इस घटना में कितनी जन या धन हानि हुई है. अब तक राहत टीमों को 20 से अधिक लोगों को रेस्क्यू किया है. यह सभी लोग जख्मी हालत में हैं. इसलिए इन्हें अस्पताल पहुंचाया गया है. अभी राहत टीमों का लक्ष्य आग पर काबू पाते हुए नुकसान को कम से कम करना है. जानकारी के मुताबिक हरदा जिले के मगरधा रोड पर स्थित इस पटाखा फैक्ट्री में धमका हुआ है. बताया जा रहा है कि किसी वजह से फैक्ट्री के अंदर आग लगी और देखते ही देखते यह आग वहां रखे बारुद के ढेर तक पहुंच गई. इसके बाद धमाके होने शुरू हो गए.
कुछ मिनटों में ही आग का गोला बनी फैक्ट्री
इसके बाद आग ने कुछ ही मिनटों के अंदर पूरी फैक्ट्री को अपने आगोश में ले लिया. आसपास के लोगों ने फैक्ट्री से उठती आग की लपटों को देखकर फायर ब्रिगेड को सूचित किया. इसके बाद मौके पर पहुंची फायर ब्रिगेड और पुलिस की टीमों ने आसपास के इलाके को खाली कराते हुए आग बुझाने की कोशिश शुरू की. राहतकर्मियों के मुताबिक कई लोग फैक्ट्री के अंदर फंसे हुए थे. इनमें से कुछ लोगों को बाहर भी निकाला गया है. वहीं बाकी लोगों को भी निकालने के लिए उनकी तलाश कराई जा रही है.
राहत कर्मियों के मुताबिक अभी तक साफ नहीं हो सका है कि हादसे के वक्त फैक्ट्री के अंदर कितने लोग मौजूद थे और अब तक कितने लोग बाहर निकल चुके हैं. प्रशासनिक अधिकारियों के मुताबिक अभी पहला लक्ष्य अधिक से अधिक लोगों की जान बचाना है. हालांकि अभी तक साफ नहीं हो सका है कि हादसे के वक्त फैक्ट्री के अंदर कितना बारुद रखा था. इसके अलावा अभी तक यह भी साफ नहीं हो सका है कि कुल कितना नुकसान हुआ है.



