आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं की मुख्यमंत्री से गुहार : 3 माह से नही मिला वेतन, कैसे करे गुजारा
अपनी समस्याओं को लेकर नारेबाजी करते पहुंची तहसील कार्यालय, एसडीएम को सौंपा ज्ञापन

सिवनी मालवा नगर में स्थानीय महक मेरिज गार्डन से आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं ने रैली निकाल एसडीएम अनिल जैन को ज्ञापन सौंपा ज्ञापन में बताया की हम समस्त आंगनवाड़ी कार्यकर्ता सहायिका एवं मिनी कार्यकर्ता सिवनी मालवा परियोजना की है। हमारा विगत अप्रैल माह से लेकर अभी तक प्रतिमाह आधा अधूरा मानदेय आ रहा है। आधा अधूरा मानदेय आने के कारण हम आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं को अपने परिवार का भरण पोषण करने में बहुत परेशानी हो रही है। और भवन किराया भी विगत 6 माह से नहीं आया है। जिसके कारण मकान मालिक भी हमें बहुत परेशान कर रहे हैं। अत: हमारा मानदेय समय पर दिया जावे हमारी स्थानीय समस्याओं का निराकरण करने का कष्ट करें और मानदेय समय पर जमा करने का कष्ट करें।
आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं का कहना है कि एक तरफ तो प्रदेश के मुखिया शिवराज सिंह खुद को मामा कहते है, लेकिन यह कैसे मामा है कि यहाँ उनकी भांजियों को जीवन यापन करना मुश्किल हो रहा है और मामाजी को कोई फर्क नही पड़ रहा। आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं ने सीएम शिवराज सिंह से गुहार लगाई कि उनकी और बच्चो की थोड़ी तो फ़िक्र करे और महीनो तक ना मिल पाने वाले मानदेय को समय पर दिलाए। आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं ने अपनी मांगो को लेकर जिला कार्यक्रम अधिकारी महिला एवं बाल विकास अधिकारी नर्मदापुरम, परियोजना अधिकारी सिवनी मालवा और एसडीएम सिवनी मालवा को ज्ञापन सौंपा।
वही आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं ने जमकर नारेबाजी की आंगनवाडी कार्यकर्ताओं ने बताया की सरकार के द्वारा हमसे सभी कार्य कराए जाते है परन्तु मानदेय नहीं दिया जा रहा है। हमारे काम करने पर कलेक्टर को पुरुस्कार दिया जा रहा है। परन्तु हमारा कोई ध्यान नहीं दिया जा रहा है। यदि जल्द हमारी मांग पूरी नहीं होती है तो हम सभी आंगनवाड़ी कार्यकर्त्ता आन्दोलन की कार्ययोजना बना रहे है। इस अवसर पर बड़ी संख्या में आंगनवाड़ी कार्यकर्त्ता, आशा कार्यकर्त्ता सहित बड़ी संख्या में सहायिका उपस्थित रही।



