जरूरतमंद लोगों को ठंड से बचाने के लिए चलाई गई मुहिम, चतरखेड़ा में रामकृष्ण विवेकानंद वेदांत समिति का अभियान

सिवनी मालवा। सिवनी मालवा के ग्राम चतरखेड़ा में रामकृष्ण विवेकानंद वेदांत समिति के कार्यकर्ताओं ने गर्म कपड़ों का वितरण अभियान चलाया। लोगों ने जरूरतमंद लोगों को गर्म कपड़ों का वितरण किया। रामकृष्ण विवेकानंद वेदांत समिति कई वर्षों से आदिवासी अंचलों सहित सिवनी मालवा क्षेत्र में शिक्षा और स्वास्थ्य के लिए अहम भूमिका निभा रही है। सिवनी मालवा के गांव चतरखेड़ा में रामकृष्ण विवेकानंद वेदांत समिति ने आंगनवाड़ी केंद्र 1, 2, 3 और स्कूल के बच्चों को गर्म कपड़े का वितरण किया।
रामकृष्ण विवेकानंद वेदांत समिति के दीपक पाठक ने बताया कि हमारी संस्था ने लोगों के बीच इस कंपकंपाती ठंड में गर्म कपड़े जैसे स्वेटर, जैकेट, कंबल, शॉल इत्यादि बांटी। अधिवक्ता विकास पाठक ने कहा कि लोगों को ठंड से बचने के लिए कपड़े की अधिक आवश्यकता होती है। आपकी छोटी सी मदद किसी के चेहरे पर मुस्कान ला सकती है।
हमारी संस्था जरूरतमंदों के बीच गर्म कपड़े का वितरण कर रही है, जिससे लोगों को ठंड से बचाया जा सके। उन्होंने सभी से अपील की है कि जिन लोगों के पास अनुपयोगी कपड़े हैं उन्हें भी आदिवासी अंचलों सहित अंत क्षेत्रों में कपड़ों का वितरण करना चाहिए, जिससे की गरीबों को भी मदद मिल सके। कपड़े आपके लिए अनुपयोगी हैं, उसकी लोगों को जरूरत है।
इस अवसर पर दीपक पाठक, शांतिलाल पालीवाल, वंदना पाठक, ऋषभ रघुवंशी, संतोष यादव, विश्राम मालवीय, गांव के सरपंच राकेश गौर, सह सचिव राहुल गौर समिति के सभी सदस्य और आंगनवाड़ी कार्यकर्ता और सहायिका उपस्थित रहे।



