भारतीय जनता पार्टी जो कहती है वह करती भी है : सांसद केपी यादव
सोहगापुर। भारतीय जनता पार्टी जो कहती है वह करती है हमारी कथनी करनी में अंतर नहीं है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के चालू कार्यकाल में धारा 370 हटाने एवं राम मंदिर निर्माण जैसे बड़े काम हुए हैं। उक्त बात गुना शिवपुरी सांसद केपी यादव ने गुरुवार को कार्यकर्ताओं के बीच कहीं। श्री यादव होशंगाबाद नरसिंहपुर संसदीय क्षेत्र के भाजपा प्रत्याशी दर्शन सिंह चौधरी के चुनाव कार्यालय का उद्घाटन कर रहे थे।
इस दौरान क्षेत्रीय विधायक विजयपाल सिंह ,पूर्व विधायक सविता दीवान शर्मा, भाजपा जिला उपाध्यक्ष सुरेश पटेल, नगर परिषद अध्यक्ष लता यशवंत पटेल विधानसभा प्रभारी निखलेश चतुर्वेदी नपा उपाध्यक्ष आकाश रघुवंशी, विधानसभा मीडिया संयोजक राजेश शुक्ला,मंडल अध्यक्ष अनिल गैहरइया सहित भारतीय जनता पार्टी के पदाधिकारी गण एवं कार्यकर्ता उपस्थित थे।
विधायक विजयपाल सिंह ने कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए कहा इस बार के संसदीय चुनाव में इस क्षेत्र का रिकॉर्ड तोड़ना है और भाजपा प्रत्याशी दर्शन सिंह चौधरी को रिकॉर्ड मतों से विजय बनाना है। विधायक ने कार्यकर्ताओं से कहा 14 अप्रैल को पिपरिया में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आ रहे हैं उनकी सभा में अधिक से अधिक लोग पहुंचे इसके लिए कार्यक्रता घर-घर पीले चावल डालकर लोगों को आमंत्रित करें।
भाजपा कार्यकर्ताओं का पूर्व विधायक सविता दीवान शर्मा ने भी मार्गदर्शन किया। भाजपा चुनाव कार्यालय के उद्घाटन अवसर पर वरिष्ठ भाजपा कार्यकर्ता तिवारी का सांसद एवं विधायक ने शाल श्रीफल से सम्मान किया।



