शहर की सुरक्षा व्यवस्था का मुआयना करने थानाप्रभारी और पुलिस बल के साथ पैदल निकली एसडीओपी

सिवनी मालवा। नवागत एसडीओपी आकांक्षा चतुर्वेदी के आने के बाद पुलिसकर्मी थाना प्रभारी जितेंद्र यादव और एसडीओपी के साथ बाजार में पैदल गश्त करने निकले। आम जनता में पुलिस के समन्वय एवं विश्वनीय कार्यप्रणाली को बनाए रखने तथा आगामी त्योहारों के दृष्टिगत कानून एवं व्यवस्था को देखते हुए शहर व कस्बों के बाजारों में पुलिस ने पैदल मार्च किया। इस दौरान दुकानों में कैमरों आदि की व्यवस्थाओं का मुआयना करने के साथ ही अन्य सुरक्षा प्रबंधों पर भी गौर किया गया।
एसडीओपी आकांक्षा चतुर्वेदी ने बताया कि बाजारों में भीड़ अधिक होती है लोगों को कोई असुविधा ना हो साथ ही लोगों की सुरक्षा के लिए पुलिस उनके बीच में है। विशेषकर कमजोर वर्ग खुद को असुरक्षित न समझें तथा आपराधिक गतिविधियों पर निगरानी रखकर आपराधिक घटनाओं पर पूर्ण रूप से अंकुश लगाना है। व्यापारियों को उनकी दुकानों के सामने वाहनों को व्यवस्थित तरीके से लगाने के लिए कहा गया, जिससे यातायात व्यवस्था में किसी भी तरीके की परेशानी उत्पन्न ना हो।
थाना प्रभारी जितेंद्र यादव ने बताया कि सुरक्षा की दृष्टि से पुलिस की ओर से गश्त की गई। इसके तहत मुख्य मार्गों, गलियों, बाजारों व अन्य भीड़-भाड़ वाले महत्वपूर्ण स्थानों पर पुलिस की पैदल गश्त टीमें निकली जिससे लोग खुद को सुरक्षित समझें। आम जनता से क्षेत्र में शांति व्यवस्था बनाए रखने, पुलिस का सहयोग करने व निर्भीक होकर अपना कार्य करने की सलाह दी।



